SC के फैसले से कहीं खुशी-कहीं गम; दुर्भाग्य-दुर्भाग्य कहते निकले खालिद के पिता, शिफा की पत्नी ‘शुक्रगुजार’

Uncategorized Breaking India News

पांच साल से अधिक समय से जेल में बंद दिल्ली दंगों के आरोपी उमर खालिद को फिलहाल सलाखों के पीछे ही रहना होगा। सोमवार को देश की सबसे बड़ी अदालत ने उमर खालिद और शरजील इमाम की जमानत याचिका खारिज कर दी। फैसला सुनाए जाने के दौरान अदालत में मौजूद रहे उमर खालिद के पिता कासिम रसूल इलियास बेहद निराशा के साथ निकले। चेहरा लटकाए हुए वह सिर्फ दुर्भाग्य… दुर्भाग्य कहते रहे और तेज कदमों के साथ सुप्रीम कोर्ट परिसर से बाहर चले गए। वहीं, दूसरी तरफ जमानत पाने वाले शिफा उर रहमान की पत्नी की खुशी का ठिकाना नहीं है।

हाई कोर्ट में जमानत याचिका खारिज होने के बाद उमर खालिद, शरजील इमाम समेत सात आरोपियों ने सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाते हुए राहत की मांग की थी। हालांकि, सुप्रीम कोर्ट ने उमर और शरजील को छोड़कर अन्य सभी आरोपियों को शर्तों के साथ जमानत दे दी है। अदालत ने ‘भागीदारी के स्तर के क्रम’ का हवाला देते हुए पांच अन्य को जमानत दे दी और कहा कि मामले में सभी आरोपी एक ही पायदान पर नहीं हैं। अदालत ने खालिद और शरजील के खिलाफ आरोपों को गंभीर और पु्ख्ता मानते हुए राहत देने से इनकार किया।

अदालत में फैसला सुनाए जाने के बाद खालिद के पिता कासिम रसूल इलियास बेहद निराश नजर आए। वह पत्रकारों के सवालों पर कुछ भी बोलने से बचते नजर आए। उन्होंने कहा, ‘कोई कॉमेंट नहीं है… नो कॉमेंट, दुर्भाग्यपूर्ण है… दुर्भाग्यपूर्ण…। कुछ नहीं कहना है। जो फैसला आया है वह आपके सामने है, इसमें क्या कहना है।’ अदालत से निकलते हुए वह फोन को कान पर लगाए दिखे और तेज कदमों से चलते हुए परिसर से बाहर निकल गए।

शिफा उर रहमान की पत्नी नूरीन फातिमा पति को बेल मिलने पर बेहद खुश नजर आईं। उन्होंने कहा, ‘हम सुप्रीम कोर्ट के फैसले का स्वागत करते हैं और तहे दिल से शुक्रगुजार हैं। हम शुक्रगुजार हैं वकीलों, दोस्तों और दुआ करने वालों का। खास तौर पर अल्लाह अल्लाह तआला के। हम लोगों की सुबह का आगाज इतनी अच्छी खुशखबरी के साथ हुआ। जिन लोगों को जमानत नहीं मिली हम उनके लिए भी दुआ करते हैं। सुप्रीम कोर्ट पर हमें पूरा यकीन था कि हमें इंसाफ जरूर मिलेगा। अल्लाह ने हमारे यकीन को कामय रखा। हम लोगों को राहत मिली है उसके लिए सुप्रीम कोर्ट का शुक्रगुजार हैं।’

फातिमा ने कहा कि उनकी खुशी का ठिकाना नहीं है। सुबह से लोगों के फोन आ रहे हैं। उन्होंने कहा, ‘जो लोग शिफा से मोहमब्बत करते हैं कल रात से ही फोन कर रहे थे। तैयारियां ही तैयारियां हैं, सब लोग आने शुरू हो गए हैं। शिफा आएंगे तो सबसे मिलेंगे बात करेंगे। जो भी आएगा जाहिर सी बात है अलग खुशी के साथ आएगा। मुझे तो समझ नहीं आ रहा है कैसे खुशी जाहिर करूं। अभी बेल का आदेश मिल जाए तो हमें शर्तों का पता चलेगा।’

0Shares

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *