जागरण संवाददाता, मेरठ। प्रदेश के बेसिक और माध्यमिक शिक्षा विभाग के कार्यालयों में कार्यरत कर्मचारियों के निजी व्यय पर स्वैच्छिक एवं पारस्परिक स्थानांतरण आगामी 30 जून तक होंगे। यह आश्वासन प्रदेश के बेसिक शिक्षा राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) संदीप सिंह ने दिया।
यूपी एजुकेशनल मिनिस्टीरियल आफिसर्स एसोसिएशन के प्रांतीय अध्यक्ष विवेक यादव और प्रांतीय महामंत्री राजेश चंद्र श्रीवास्तव के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल लखनऊ में बेसिक शिक्षा राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) संदीप सिंह से मिला।
कर्मचारी नेताओं ने शिक्षा विभाग के राजकीय यानी बेसिक और माध्यमिक शिक्षा विभाग के कर्मचारियों के निजी व्यय पर स्वैच्छिक और पारस्परिक स्थानांतरण कराने का अनुरोध किया।
उन्होंने अवगत कराया कि मेरठ समेत उत्तर प्रदेश के विभिन्न शिक्षा कार्यालयों में कार्यरत कनिष्ठ सहायक, वरिष्ठ सहायक व आशु लिपिक, जिनके नियुक्ति अधिकारी मंडलीय संयुक्त शिक्षा निदेशक हैं, फिर भी निदेशालय द्वारा इन पदों पर कार्यरत कर्मचारियों के स्थानांतरण के अधिकार मंडल स्तर पर संयुक्त शिक्षा निदेशक को डेलीगेट नहीं किया जा रहे हैं।
प्रांतीय अध्यक्ष विवेक यादव ने कहा कि मंत्री ने आश्वासन दिया कि है कि आगामी 25 से 30 जून तक कर्मचारियों के स्थानांतरण के आदेश जारी कर दिए जाएंगे। ज्ञापन देने वालों में मेरठ मंडल के अध्यक्ष मनोज मलिक व मंडलीय सचिव नवनीत पाठक समेत अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

