देवरिया और गोरखपुर को योगी सरकार का तोहफा, 29.77 करोड़ से बनेंगे 24 नए पुल
ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन और जलनिकासी व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए शासन ने राज्य योजना (ग्रामीण) के तहत देवरिया और गोरखपुर में 24 लघु सेतुओं के निर्माण को मंजूरी दी है।
इन परियोजनाओं पर कुल 29 करोड़ 77 लाख 53 हजार रुपये खर्च होंगे। वित्तीय वर्ष 2026-27 में कार्य शुरू कराने के लिए पहली किस्त के रूप में पांच करोड़ 95 लाख 54 हजार रुपये अवमुक्त किए गए हैं। लोक निर्माण विभाग विभिन्न संपर्क मार्गों पर पुराने और क्षतिग्रस्त लघु सेतुओं के स्थान पर नए सेतु, पुलिया और बाक्स कल्वर्ट का निर्माण कराएगा।
नरसिंहडाड़-चक्कीमुसादोही के बीच जमुआर नाले पर बाक्स कल्वर्ट, भलुअनी में मुसैला-भागलपुर मार्ग से लखना संपर्क मार्ग पर क्षतिग्रस्त पुलिया के स्थान पर बॉक्स कल्वर्ट, बेलही-उधोपुर संपर्क मार्ग पर केरही नाले में क्षतिग्रस्त लघु सेतु के स्थान पर बॉक्स कल्वर्ट, पहुंच मार्ग व सुरक्षात्मक कार्य कराए जाएंगे।
बैतालपुर ब्लॉक के गुदरी संपर्क मार्ग पर क्षतिग्रस्त पुलिया के स्थान पर आरसीसी कल्वर्ट, देसही देवरिया के रामपुर हिरामन चौराहा-मदरापाली भरतराय वाया शामी पट्टी मार्ग पर क्षतिग्रस्त पुल के स्थान पर नया लघु सेतु, पकड़ी वीरभद्र-गोपालपुर-नौतन हथियागढ़ मार्ग पर क्षतिग्रस्त पुल के स्थान पर नया लघु सेतु तथा नोनिया छापर-विशुनपुर खुर्द के बीच बरसाती नाले पर नया लघु सेतु बनाया जाएगा।
इसके अलावा कमरिया से भरौली संपर्क मार्ग पर जर्जर आरसीसी पुलिया के स्थान पर नया लघु सेतु तथा पिपरा बांध-पिपरा पाठक संपर्क मार्ग के बीच जमुआर नाले पर लघु सेतु और पहुंच मार्ग का निर्माण कराया जाएगा।
